वाशिंगटन। यूक्रेन पर हमले के 21वें दिन अमेरिका ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को युद्ध अपराधी घोषित किया है। अमेरिकी कांग्रेस के ऊपरी सदन सीनेट में आम सहमति से पुतिन को युद्ध अपराधी घोषित करने युद्ध अपराधों के लिए उनकी जांच कराने का एक प्रस्ताव मंजूर किया गया। आमतौर पर हर मसले पर विभाजित उच्च सदन में इस प्रस्ताव पर डेमोक्रेट और रिपब्लिकन सांसदों के बीच संपूर्ण एकजुटता देखने को मिली।
सीनेट के दोनों पार्टियों ने एक साथ हेग की अंतरराष्ट्रीय न्याय अदालत को रूस के युक्रेन पर हमले के दौरान किए गए युद्ध अपराधों की जांच में रूसी सेना की जांच करने के लिए प्रोत्साहित किया। सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता चक शूमर ने भाषण में कहा- हम सभी डेमोक्रेट और रिपब्लिकन मिल कर यह कहते हैं कि पुतिन यूक्रेनी लोगों के खिलाफ किए गए अत्याचारों के लिए जवाबदेही से बच नहीं सकते।
गौरतलब है कि रूस ने यूक्रेन पर हमले के बाद कहा कि यूक्रेन के ‘विसैन्यीकरण’ के लिए उसने एक ‘विशेष सैन्य अभियान’ शुरू किया है। दूसरे विश्वयुद्ध के बाद यानी 1945 के बाद किसी यूरोपीय देश पर यह सबसे बड़ा हमला है। बहरहाल, बुधवार को यूक्रेन पर हमले के 21वें दिन रूस की बमबारी नागरिक इलाकों में जारी रही। यूक्रेन के दूसरे बड़े शहर खारकीव में रूसी सेना की गोलाबारी से अब तक कम से कम पांच नागरिक मारे जा चुके हैं। मारियुपोल में ढाई हजार से ज्यादा लोग मारे गए हैं। अब तक 30 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हो चुके हैं और एक आंकड़ों के मुताबिक रूसी हमले के बाद से हर मिनट 55 बच्चे शरणार्थी बन रहे हैं।
दूसरी ओर रूसी सेना के बढ़ते हमले के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दिमीर जेलेंस्की ने समझौते के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा है- देश को यह स्वीकार करना चाहिए कि वह अमेरिका के नेतृत्व वाले नाटो सैन्य गठबंधन का सदस्य नहीं बनेगा, जिसका रूस विरोध कर रहा है। इस बीच चेक रिपब्लिक, पोलैंड और स्लोवेनिया के प्रधानमंत्रियों ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से कीव में मुलाकात की। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन अगले हफ्ते ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ और नाटो अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
उधर अमेरिका और यूरोपीय संघ की पाबंदियों का जवाब देते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जो बाइडेन सहित 13 अमेरिकी नेताओं के अपने देश आने पर पाबंदी लगा दी है। बाइडेन के अलावा विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। नाटो के महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने कहा रूस को निशाना बनाते हुए कहा- हम चिंतित हैं कि मास्को यूक्रेन में संभवतः रासायनिक हथियारों सहित एक झूठा अभियान चला सकता है।
India
GIPHY App Key not set. Please check settings