मॉस्को/कीव। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन रूसी विजय दिवस के मौके पर सोमवार को बड़ा ऐलान कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि वे यूक्रेन के खिलाफ युद्ध का ऐलान करेंगे। वैसे रूस ने यूक्रेन पर 24 फरवरी को ही हमला किया था लेकिन पिछले 71 दिन से रूस इस हमले को ‘विशेष सैन्य अभियान’ कहता रहा है। अब इसे एक पूर्ण युद्ध में बदलने की घोषणा राष्ट्रपति पुतिन कर सकते हैं। इससे एक दिन पहले पूरे रूस में विजय दिवस की तैयारियां होती रहीं और उधर रूसी सेना यूक्रेन के शहरों पर बम बरसाती रही। रविवार को तड़के हुए एक रूसी हमले में कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई।
बहरहाल, रूस हर साल नौ मई को विजय दिवस मनाता है। दूसरे विश्व युद्ध में नौ मई 1945 को रूसी सेना ने हिटलर की नाजी सेना को हराया था। उस युद्ध में एक अनुमान के मुताबिक रूस के 80 लाख लोग मारे गए थे। उस जीत की याद में रूस सहित पुराने सोवियत संघ के कई देशों में विजय दिवस मनाया जाता है। हालांकि रूसी हमला झेल रहे यूक्रेन में इस साल विजय दिवस का कोई कार्यक्रम नहीं होगा।
यूक्रेन पर रूस के हमले हमले का ऐलान करने के अटकलों के बीच अमेरिका और पश्चिमी देश ने मदद बढ़ा दी है। अमेरिका ने यूक्रेन को 15 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त मदद भेजी है। अमेरिका रूसी फौज को मूवमेंट की खुफिया सूचना भी यूक्रेन को दे रहा है, जिससे अब तक यूक्रेन की सेना ने रूस के कई बड़े सैन्य अधिकारियों को मार गिराया है। जर्मनी भी यूक्रेन को भारी हथियार भेज रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि यूक्रेन की सेना को तुर्की में बने 12 बेयरेकतार टीबी-2 ड्रोन मिले हैं।
इस बीच रूस ने रविवार को तड़के पूर्वी यूक्रेन के लुहांस्क में एक स्कूल पर हवाई हमला किया। यूक्रेन सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि यह बमबारी बिलोहोरिखिवा गांव के एक स्कूल पर की गई। उस स्कूल में आम नागरिकों को हमलों से बचाने के लिए शेल्टर बनाया गया था। यह गांव फ्रंट लाइन से कुछ किलोमीटर दूर है। उस शेल्टर होम में कुल 90 लोग थे, जिनमें से 30 को बचा लिया गया है। इस हमले में 60 के मारे जाने की आशंका है। हमला रविवार को तड़के हुए और उस वक्त हुआ शेल्टर में पनाह लेने वाले सभी लोग नींद में थे।
India
GIPHY App Key not set. Please check settings