श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में सुरंग हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है। सुरंग हादसा गुरुवार की देर रात को हुआ था लेकिन शनिवार की शाम तक मलबा हटाने का काम चला और मलबा पूरी तरह से हटाए जाने के बाद 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। मलबे में से सभी 10 मजदूरों के शव निकाल लिए गए। गुरुवार की रात करीब 11 बजे रामबन जिले के खूनी नाले के पास बन रही सुरंग का एक हिस्सा धंस गया था। मलबे में 12 मजदूर फंस गए थे। हालांकि, उस दौरान दो घायलों को निकाल लिया गया था।
सुरंग का हिस्सा धंसने से उसमें दब कर मरे 10 मजदूरों में से पश्चिम बंगाल से पांच, नेपाल के दो और असम का एक मजदूर था। दो मजदूर स्थानीय थे। दुर्घटना के बाद बचाव व राहत का काम काफी देर से शुरू हुआ। शुक्रवार शाम को राहत के दौरान सिर्फ एक मजदूर का शव निकाला गया था। शुक्रवार को ही शाम करीब करीब छह बजे राहत कार्य के दौरान तेज आंधी आई और एक बार फिर से भूस्खलन हुआ, जिससे सुरंग का हिस्सा दूसरी बार धंस गया। हालांकि, इस बार कोई मजदूर या कर्मचारी नहीं फंसा, लेकिन राहत के काम में लगाई गईं मशीनें दब गईं।
शनिवार सुबह करीब छह बजे राहत का काम दोबारा शुरू किया गया और शाम तक मलबे में दबे सभी 10 मजदूरों के शव निकाल लिए गए। रामबन के उपायुक्त मसर्रतुल इस्लाम ने बताया कि शुक्रवार को दोबारा तेज आंधी और भूस्खलन की वजह से बचाव कार्य में बाधा आई थी और इसी वजह से राहत व बचाव का काम कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था।
India
GIPHY App Key not set. Please check settings