Publish Date: | Fri, 08 Oct 2021 02:51 PM (IST)
Gwalior News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। शहर के मध्य फूलबाग स्थित जलविहार में विगत दिनों सैकड़ों मृत मछलियां पानी में उतराती मिली थीं। इसके चलते नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने गुरुवार को जलविहार सहित विभिन्न पार्को का निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्देश दिए कि जलविहार में मछलियों को आटा चुगाने पर प्रतिबंध लगाया जाए। वजह बताई गई कि जो आटा मछलियां नहीं खा पाती हैं, वह तल में जम जाता है। इसके सड़ने पर पानी के अंदर आक्सीजन की कमी हो जाती है। साथ ही निर्देश दिए कि जो व्यक्ति मछलियों को दाना चुगाना चाहे वह गार्ड से फिश फूड दाने के पैकेट लें। यह पैकेट पांच व 10 रुपये में मिलेंगे। निगमायुक्त ने अधिकारियों को यह भी कहा कि जलविहार में पानी बदला जाए और सभी फाउंटेन को 15 दिवस में चालू किए जाएं। साथ ही परिसर को रंग-बिरंगी लाइटिंग रोशन किया जाए। जलविहार से सटे इटालियन गार्डन व गुलाब बाग को भी सुसज्जित करने के निर्देश अफसरों को दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त संजय मेहता एवं नोडल पार्क अधिकारी मुकेश बंसल मौजूद थे।
चिड़ियाघर में बढ़ाएं संख्याः चिड़ियाघर काफी सुंदर एवं व्यवस्थित है, लेकिन इसे और विकसित व आकर्षक बनाया जाए। यहां वन्य प्राणियों की संख्या बढ़ाई जाए। यह निर्देश नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने जू क्यूरेटर गौरव परिहार को दिए। चिड़ियाघर के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने परिसर में रंगाई पुताई कराने और आकर्षक बनाने के लिए कई प्रकार की व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। नाले के पास की जमीन पर फ्लाई ओवर का काम हो चुका है। इसे विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही चिड़ियाघर के मुख्य द्वार का फ्रंट एलीवेशन पर आवश्यक कार्य कराए जाने को कहा।
Posted By: vikash.pandey
GIPHY App Key not set. Please check settings