Publish Date: | Sun, 10 Oct 2021 03:03 PM (IST)
Gwalior Municipal Corporation News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। चार नवंबर को दीपावली है, इसलिए लोगों ने घरों व प्रतिष्ठानों की सफाई शुरू कर दी है। इससे शहर से निकलने वाले कचरे की मात्रा भी बढ़ गई है। ऐसे में निगमायुक्त किशोर कान्याल ने दो पालियों में शहर से कचरा उठाने की व्यवस्था की है। इसमें सुबह कचरा संग्रहण वाहन पूरी क्षमता के साथ निकलते हैं, लेकिन शाम को कम संख्या में वाहन निकल पा रहे हैं। इसकी वजह है नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में वाहन चालकों की कमी।
दरअसल स्वास्थ्य विभाग में पर्याप्त संख्या में चालक हैं, लेकिन उन्हें दूसरे कार्यो में लगाने से समस्या हो रही है। शहर से इन दिनों प्रतिदिन 350 टन कचरा निकल रहा है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कचरा संग्रहण के लिए तीन डिपो बनाए गए हैं। यहां से वाहन क्षेत्रों में निकलते हैं और कचरा एकत्रित कर उसे कचरा स्टेशनों व लैंडफिल साइट तक पहुंचाते हैं। नगर निगम की वर्कशॉप से वाहन ठीक होकर आने से डिपो पर पर्याप्त वाहन हैं। निगम ने सफाई कार्य में ट्रैक्टर भी किराए पर लगा रखे हैं। इससे सुबह घर-घर से कचरा संग्रहण ठीक से होने जाता है, लेकिन शाम के समय सभी बाजारों से कचरा नहीं उठ पा रहा है। चालकों की कमी के कारण शाम के समय कम वाहन ही बाजार में निकल पाते हैं।
यह हैंं कचरा वाहनाें के आंकड़ेः
दक्षिण विधानसभा क्षेत्र: यहां प्रतिदिन सुबह 56 टिपर वाहन कचरा संग्रहण करने निकलते हैं, जबकि चालकों की कमी के कारण शाम को सिर्फ सात वाहन ही निकल रहे हैं। जबकि दक्षिण विधानसभा में महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, टोपी बाजार, दौलतगंज, हुजरात पुल, नया बाजार, कंपू, ईदगाह, राक्सी पुल, जिंसी नाला, शिंदे की छावनी, नईसड़क, फालका बाजार आदि व्यवसायिक क्षेत्र हैं, जहां से प्रतिदिन हजारों किलो कचरा रात के समय निकलता है। रात में ठीक से सफाई नहीं हो पाने के कारण सुबह सफाई व्यवस्था चरमरा जाती है।
ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र: यहां सुबह 59 टिपर वाहन कचरा संग्रहण के लिए निकलते हैं, जबकि शाम को कभी चार तो कभी पांच वाहन ही निकल पाते हैं। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में हजीरा, तानसेन नगर, चार शहर का नाका, किला गेट, साई बाबा मंदिर, लक्ष्मीबाई समाधि स्थल, सेवानगर आदि व्यावसायिक क्षेत्र हैं, जहां से कचरा संग्रहण किया जाता है।
ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र: इस क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह 68 टिपर वाहन निकलते हैं, जबकि शाम के समय 10 तो कभी 12 वाहन ही निकल पाते हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में वार्ड 26 व 27, मुरार, चौपाटी, दीनदयाल नगर, महाराजा कॉम्प्लेक्स, ठाटीपुर, सात नंबर चौराहा, लोहिया बाजार, इंदरगंज आदि व्यावसायिक क्षेत्र हैं, जहां से काफी मात्रा में कचरा निकलता है।
वर्जन-
सभी वाहनों के लिए ड्राइवरों की व्यवस्था की जा रही है। जहां कम हैं, वहां ड्राइवर भेजे जाएंगे।
संजय मेहता, अपर आयुक्त , स्वास्थ्य नगर निगम
Posted By: vikash.pandey
GIPHY App Key not set. Please check settings