जयपुर। राजस्थान में अगले साल के आखिर में विधानसभा के चुनाव होने हैं लेकिन उससे पहले पार्टी ने ऐलान किया है कि इस बार किसी को मुख्यमंत्री का दावेदार बना कर पार्टी चुनाव नहीं लड़ेगी, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर लड़ेगी। पार्टी का यह ऐलान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लिए बड़ा झटका है। जयपुर में भाजपा पदाधिकारियों की तीन दिन की बैठक के दूसरे दिन शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पुनिया ने यह ऐलान किय।
पुनिया ने कहा- कई बार चेहरों का ऐलान किया जाता है, कई बार नहीं किए जाते। भाजपा आगामी चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने कहा- साल 2017 में उत्तर प्रदेश चुनाव योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नहीं लड़ा गया था, फिर भी हम जीत गए। चुनाव से डेढ़ साल पहले दिया गया यह बयान प्रदेश भाजपा की राजनीति की दिशा तय करने वाला होगा। प्रदेश अध्यक्ष पुनिया ने यह भी बताया कि कैसे पार्टी ने नेतृत्व की अगली पीढ़ी को तैयार किया है।
गौरतलब है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ वसुंधरा राजे के संबंधों को लेकर कई तरह की अटकलें चर्चा में रही हैं। लेकिन अभी तक पार्टी ने इस तरह का कोई बयान नहीं दिया था, जिससे लगे कि अगला चुनाव उनकी कमान में नहीं लड़ा जाएगा। बहरहाल, एक दिन पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ जयपुर में वसुंधरा राजे भी मौजूद थीं। पूनिया और अन्य नेताओं के अलावा मंच पर और एक रोड शो के दौरान वसुंधरा राजे मौजूद रहीं।
दो महीने पहले ही मार्च में वसुंधरा राजे ने अपना 69 वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर वे मंदिर गईं और बूंदी जिले के केशोरीपाटन में एक रैली भी की। इसमें वसुंधरा राजे ने अशोक गहलोत सरकार पर हमला किया और अपनी पिछली सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने अगले साल चुनाव में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन का आह्वान किया। उनके इस समारोह को अगले साल के चुनाव के आगाज के तौर पर देखा गया था।
India
GIPHY App Key not set. Please check settings