कानपुर देहात। परौंख गांव के लिए 25 जुलाई 2017 पहला ऐतिहासिक पल लेकर आया था, जब यहां जन्मे राम नाथ कोविन्द राष्ट्रपति बने। तब से अब तक परौंख राष्ट्रपति के गांव के रूप में गौरवान्वित है। तीन जून, 2022 को एक बार फिर इस गांव के लिए ऐतिहासिक पल होगा। न केवल राष्ट्रपति अपने पैतृक गांव आएंगे बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी उनके साथ यहां होंगे। प्रधानमंत्री पहली बार परौंख आएंगे। शायद अब तक इतिहास में यह संयोग भी पहली बार होगा कि राष्ट्रपति के गांव में प्रधानमंत्री की मौजूदगी होगी। देश के दो दिग्गजों के परौंख में कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने व्यवस्था पूरी कर ली है। गांव के लोग भी स्वागत के लिए तैयार हैं।
परौंख पिछले एक महीने से राष्ट्रपति के आगमन की प्रतीक्षा कर रहा है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन की सूचना ने गांव वालों की व्यग्रता और बढ़ा दी है। शुक्रवार को दिल्ली से रवाना होकर राष्ट्रपति अपनी पत्नी सविता कोविन्द के साथ दोपहर 12.40 बजे कानपुर पहुंच जाएंगे। यहां चकेरी एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल उनका स्वागत करेंगी। दोपहर 1.20 बजे राष्ट्रपति परौंख के हेलीपैड पर उतरेंगे। राज्यपाल भी परौंख जाएंगी। लखनऊ एयरपोर्ट से रवाना होकर प्रधानमंत्री 1.40 बजे परौंख पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी यहां पहुंचेंगे। हेलीपैड से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व अन्य माननीयों का काफिला कार से निकलेगा।
पहले पथरी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। यहां के बाद आंबेडकर पार्क जाएंगे। यहां पर संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की संगमरमर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यहां से राष्ट्रपति के घर जो कि अब मिलन केंद्र बन चुका है, वहां महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित बुकनू, बेसन व बाकी उत्पाद को देखेंगे। मिलन केंद्र से जनसभा स्थल पहुंचेंगे, जिसका कार्यक्रम करीब एक घंटे का होगा।
जनसभा के बाद प्रधानमंत्री 3:45 बजे परौंख से हेलीकाप्टर से चकेरी आएंगे और यहां से दिल्ली चले जाएंगे। राष्ट्रपति 4:05 बजे कानपुर रवाना होंगे। वह कानपुर में सर्किट हाउस में रात्रि प्रवास करेंगे और शनिवार को मर्चेंट चैंबर में कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद 11:30 बजे विमान से गोरखपुर रवाना हो जाएंगे।
प्रधानमंत्री का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
GIPHY App Key not set. Please check settings